मोबाईल लूटने और बाइक चोरी करने वाला गिरोह पकड़ाया, पुलिस ने आठ लाख रूपए की बाइक और मोबाईल जप्त किए।
उज्जैन। शहर में चोरी की बढ़ती घटनाओं के बाद एसपी ने सभी थानों टीम बनाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद चिमनगंज मंडी थाना पुलिस के हाथ एक गिरोह लगा है। जो मोबाईल की लूट करने के साथ ही बाइक चोरी की घटना को अंजाम देते थे। पुलिस की पूछताछ में गिरोह ने 9 बाइक और 3 मोबाईल फोन कीमत करीब आठ लाख रूपए की बरामद किए है। पकड़े गए तीन आरोपियों में एक नाबालिग है। सीएसपी सुमित अग्रवाल ने गिरोह का खुलासा करते हुए बताया कि एएसपी जयंत राठौर, गुरुप्रसाद परासर के मार्गदर्शन में टीआई आनंद तिवारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा शहर के विभिन्न थानों में मोटर सायकल चोरी करने वाले एवं मोबाईल फोन लूट करने वाले तीन सदस्यीय गिरोह को पकडऩे में सफलता प्राप्त की। पकड़े गए आरोपियों में दो बालिग और एक नाबालिग है।

पुलिस ने गिरोह से थाना चिमनगंज मंडी के अलावा थाना महाकाल, जीवाजीगंज, माधवनगर तथा कोतवाली क्षेत्र से चुराई गई 9 मोटर सायकलें बरामद की है। वहीं थाना नानाखेड़ा और माधवनगर में लूटे गए तीन मोबाईल फोन आरोपियों के कब्जे से बरामद किए है। इसके अलावा विजय नगर इंदौर से भी एक मोटर सायकल इस गिरोह के द्वारा चोरी की गई थी वह भी बरामद कर विजय नगर पुलिस को सूचित किया है। आरोपियों से बरामद की गई मोटर सायकलों की कीमत लगभग7 लाख रूपए तथा मोबाईल फोन की कीमत करीब 1 लाख है। कुल 8 लाख रुपए का माल बरामद हुआ है।


