महात्मा गांधी की राम राज्य की परिकल्पना सुशासन का प्रतीक है:-मुख्यमंत्री डॉ. यादव
“पीर पराई जाणे रे” भक्ति संध्या में सीएम डॉ. यादव शामिल हुए।
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने राम राज्य की परिकल्पना की थी। गांधी जी की यह परिकल्पना आज सुशासन का प्रतीक है। गांधी जी ने सत्य, अहिंसा के मार्ग पर चलकर जीवन में सफलता हासिल की। उन्होंने अंग्रेजों से देश को आजाद कराने में अहम भूमिका निभाई थी। महात्मा गांधी जी की कार्यशैली और उनके प्रयोग अद्भुत थे। ऐसे महापुरूष को उनकी पुण्यतिथि पर हृदय से सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविन्द्र भवन परिसर में लोकरंग कार्यक्रम के समापन अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर आयोजित “पीर पराई जाणें रे” भक्ति संध्या को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, प्रमुख सचिव संस्कृति एवं पर्यटन श्री शिव शेखर शुक्ला सहित कला प्रेमी उपस्थित थे।


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महात्मा गांधी जी के जीवन प्रसंगों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने अपनी आत्मकथा में स्वयं से संबंधित विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के व्यक्तित्व और कृतित्व से भगवान श्रीकृष्ण का पांच हजार साल पुराना काल याद आ जाता है।


